
- राहुल गांधी के नेतृत्व में संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रही कांग्रेस : वीरेंद्र चौधरी
- जनता बदलाव चाहती है, कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही : शिशिर वाजपेयी
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में स्थानीय मुस्कान गेस्ट हाउस में आयोजित “कांग्रेस शंखनाद” कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता राहुल गांधी के “बब्बर शेर” हैं और देश में संविधान एवं लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं का नैतिक दायित्व है कि वे कांग्रेस की विचारधारा और राहुल गांधी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होगा और कांग्रेस मजबूत भूमिका निभाएगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. ममता वर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय तथा पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष शिशिर वाजपेयी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि जनता आज कांग्रेस की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है और कार्यकर्ताओं के सहयोग से आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर परिणाम हासिल किए जाएंगे।
पूर्व विधायक हरीश बाजपेई ने कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता हमेशा संगठन और विचारधारा के लिए समर्पित रहा है। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष उत्कर्ष अवस्थी ने कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान की लड़ाई निरंतर लड़ने का संकल्प दोहराया।
प्रदेश महासचिव कुमुद गंगवार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश परिवर्तन के लिए तैयार है। प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता ने बेरोजगारी, महंगाई और अन्य जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश निषाद ने किया। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला कोऑर्डिनेटर कमलनयन, शहर कोऑर्डिनेटर सिद्धार्थ शंकर त्रिवेदी, पूर्व जिला अध्यक्ष विनीत दीक्षित, पूर्व शहर अध्यक्ष संतोष भार्गव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लगभग एक सैकड़ा लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता लेने वालों में कपिल लोधी, विजय पाल राजपूत, देशराज भारती, अंशुमान, जावेद अली, रीता देवी, राम देवी, योगेश, रामनाथ, अशोक, विंदेश्वरी, आदर्श मिश्रा, आकाश यादव, अजीत यादव, नितेश कुमार, अभय मिश्रा सहित अनेक लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों में पार्टी को सफलता दिलाने के लिए संकल्प लिया।



