न्यू सकेत नर्सिंग होम में साझेदारी विवाद गहराया, दोनों पक्षों ने लगाए आरोप

सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित न्यू सकेत नर्सिंग होम में साझेदारी को लेकर विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए जा रहे हैं और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई है।
शैलेंद्र कुमार वर्मा ने अपने पूर्व पार्टनर धर्मेश कुमार पांडे उर्फ सुंदर पांडे पर आरोप लगाया है कि साझेदारी के दौरान व्यवहार बिगड़ गया, अस्पताल में अभद्रता की गई और हिसाब के दौरान 5 लाख रुपये की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के अनुसार, अस्पताल का संचालन करते समय करीब 7.13 लाख रुपये का घाटा सामने आया और धन के लेन-देन को लेकर विवाद बढ़ गया।वहीं, इस मामले में नर्सिंग होम की संचालिका नीलम वर्मा ने भी अपना पक्ष रखा है। उन्होंने बताया कि धर्मेश पांडे द्वारा लगातार परेशान किए जाने के कारण आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज कराई गई है और प्रशासन को शिकायती पत्र भी दिया गया है। उन्होंने कहा कि पहले दोनों के बीच साझेदारी थी, लेकिन विवाद बढ़ने के कारण 1 जुलाई 2026 को साझेदारी समाप्त कर दी गई।
नीलम वर्मा के अनुसार, लगभग एक वर्ष से अस्पताल घाटे में चल रहा था, जबकि उससे पहले स्थिति सामान्य थी। साझेदारी के दौरान जो भी आय होती थी, उसे बराबर-बराबर बांटा जाता था। उन्होंने बताया कि करीब तीन वर्षों तक साझेदारी चली, लेकिन घाटे के मुद्दे पर विवाद बढ़ गया। जब घाटे की भरपाई की बात कही गई तो दूसरी ओर से असमर्थता जताते हुए निवेश की गई रकम वापस करने की मांग की गई।
नीलम वर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि अलग होने के बाद उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे नर्सिंग होम की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है।
मामले में दोनों पक्षों द्वारा प्रशासन को शिकायत पत्र दिया जा चुका है।

Related Articles

Back to top button