Sitapur Police की बड़ी कामयाबी 36 घंटे में चेन स्नैचिंग का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

  • गिरफ्तार करने वाली टीम को 25 हज़ार के ईनाम की पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने की घोषणा

सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। लालबाग चौराहे के पास महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी भागने के दौरान फायरिंग कर रहे थे, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरहान पुत्र मो. युशुफ और कामिल पुत्र हसन अख्तर के रूप में हुई है। दोनों मैगलगंज, जनपद लखीमपुर खीरी के रहने वाले बताए गए हैं।

गिरफ्तार करने की टीम के साथ घटना की जानकारी देते क्षेत्राधिकारी नगर कपूर कुमार

पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को कोतवाली नगर क्षेत्र के लालबाग चौराहे के पास एक महिला से चेन लूट की घटना हुई थी। मामले में कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल ने पुलिस टीमों को निर्देश दिए थे।
10 अगस्त को पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चेन स्नैचिंग की घटना में शामिल दो आरोपी मोटरसाइकिल से कनवाखेड़ा अंडरपास की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कनवाखेड़ा अंडरपास से फायरिंग बट मार्ग के जंगल के पास घेराबंदी की।
पुलिस का कहना है कि मोटरसाइकिल सवार दोनों संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो पीली धातु के चेन के टुकड़े, 12 बोर और 315 बोर के दो देशी तमंचे, चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई बताई जा रही हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में कोतवाली नगर थाने में चेन स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने मुठभेड़ में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
क्षेत्राधिकारी नगर कपूर कुमार के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस के प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पाण्डेय उ० नि० पूजा कटियार, उ० नि० अस्मित भारती, ० नि० स्वाति चतुर्वेदी सहित पुलिसकर्मी और एसओजी प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र विक्रम सिंह के नेतृत्व वाली एसओजी टीम शामिल रही।

Related Articles

Back to top button