
- जनपद में प्रातः 10:00 बजे तक स्नातक निर्वाचन में 5.66% तथा शिक्षक निर्वाचन में 5.9% हुआ मतदान
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर0 एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल लगातार फील्ड में रह कर निगरानी बनाए हुए हैं शुक्रवार को नगर क्षेत्र में बनाए गए मतदान केंद्र म्यूनिसिपल इंटर कॉलेज, सीतापुर तथा पी.एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज, सीतापुर तथा अन्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मतदान ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा सभी मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने मतदान केंद्रों पर निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने तथा प्रतिबंधित वस्तुओं को मतदान कक्ष के भीतर ले जाने से रोकने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। तथा ने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



