
- सागर गुप्ता ने किया मेगा ऑक्शन का शुभारंभ, 16 टीमों की जर्सियां लॉन्च
- अमन स्ट्राइकर्स ने रोशन कुमार को 15,500 रुपये में खरीदा, बने लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी
सीतापुर (पंच पथ न्यूज़)। यूपी 34 प्रीमियर लीग सीजन-2 के मेगा ऑक्शन में रविवार को क्रिकेट खिलाड़ियों पर जमकर बोलियां लगीं। कुल 397 खिलाड़ियों में से 256 खिलाड़ियों को 16 टीमों के मालिकों ने अपनी-अपनी टीम में शामिल किया। ऑक्शन में सबसे बड़ी बोली रोशन कुमार के नाम रही, जिन्हें अमन स्ट्राइकर्स ने 15,500 रुपये में खरीदा। जेल रोड स्थित होटल जेपी इन, बड़ा हनुमान मंदिर के निकट आयोजित इस मेगा ऑक्शन में टीम मालिकों के बीच खिलाड़ियों को खरीदने की जबरदस्त होड़ देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ टूर्नामेंट के अध्यक्ष एवं ब्रांड एंबेसडर भाजपा नेता एवं समाजसेवी श्री सागर गुप्ता ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने सभी 16 टीमों के मालिकों एवं मीडिया जगत से जुड़े सम्मानित प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सभी टीमों की जर्सियों का भी भव्य अनावरण किया गया।
इस अवसर पर सागर गुप्ता ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ उन्हें आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों एवं आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1,22,222 रुपये, उपविजेता को 66,666 रुपये तथा तीसरे एवं चौथे स्थान की टीमों को 10-10 हजार रुपये के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
टेनिस क्रिकेट स्पोर्ट फेडरेशन (इंडिया) के तत्वावधान में आयोजित मेगा ऑक्शन को सफल बनाने में आयोजक एवं टूर्नामेंट कमेटी के सदस्य आदिल, इकबाल अहमद, अनस, नेहाल, ज़म ज़म स्पोर्ट्स, पंकज शुक्ला मस्सा, अबुल हसन मून, अभिषेक तिवारी, ब्रजेंद्र मिश्रा, शानू खान, मोनिस अहमद, सूरज शर्मा, मिर्ज़ा शीबू बेग एवं प्रधान नमकीन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



