
सीतापुर (पंच पथ विशेष)। CBSE बोर्ड 12वीं की परीक्षा में 92% अंक प्राप्त कर सीतापुर में दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा सफवा फातिमा ने न सिर्फ अपने माता-पिता बल्कि अपने शिक्षकों और स्कूल का नाम भी गौरवान्वित किया है। आपको बता दें कि सफवा के पिता पेशे से वकील और माता अध्यापिका है। सफवा के इस सफलता पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और परिवारजनों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सवफ़ा ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने शिक्षकों के मार्गदर्शना और माता-पिता के सहयोग को दिया। इस खास उपलब्धि के बाद पंच पथ ने सफवा से विशेष बातचीत की। प्रस्तुत हैं इस प्रेरणादायक बातचीत के कुछ अंश:
पंच पथ: सबसे पहले आपको इस शानदार सफलता के लिए बधाई। कैसा महसूस कर रही हैं?
सफवा फातिमा: बहुत अच्छा लग रहा है। जब मेहनत का फल मिलता है तो संतुष्टि भी होती है और आगे बढ़ने का हौसला भी।
पंच पथ: 92% एक शानदार अंक हैं। आपकी तैयारी की रणनीति क्या थी?
सफवा फातिमा: मेरी रणनीति थी – निरंतर पढ़ाई, टाइम टेबल के अनुसार विषयों को बांटना, और नियमित रिवीजन। मैंने पिछले साल के प्रश्नपत्र भी खूब हल किए।
पंच पथ: इस सफलता में किसका सबसे बड़ा योगदान मानती हैं?
सफवा फातिमा: सबसे पहले तो मेरे माता-पिता, जिन्होंने हर पल मेरा साथ दिया। फिर मेरे स्कूल के शिक्षक, जिन्होंने हमेशा मार्गदर्शन किया और मुझे मोटिवेट किया।
पंच पथ: आगे क्या लक्ष्य है?
सफवा फातिमा: मैं आगे चल कर सिविल सेवा के क्षेत्र में जाना चाहती हूं और भविष्य में एक प्रशासनिक अधिकारी बनकर देश की सेवा करना चाहती हूं।
पंच पथ: आज के युवाओं को क्या संदेश देना चाहेंगी?
सफवा फातिमा: सिर्फ अंक ही सब कुछ नहीं हैं, लेकिन मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास जरूर सफलता की कुंजी हैं। सपनों को छोटा मत समझिए और अपने प्रयासों पर भरोसा रखिए।
“सपनों को छोटा मत समझिए, मेहनत और आत्मविश्वास ही रास्ता बनाते हैं।”
– सफवा फातिमा (पंच पथ से खास बातचीत में)।