ईडी कार्रवाई पर कांग्रेसियों का विरोध प्रदर्शन, भाजपा कार्यालय घेरने निकले सैकड़ों कार्यकर्ता

सत्य के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी : डॉ० ममता वर्मा


सीतापुर (पंच पथ न्यूज़) उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देशानुसार भाजपा कार्यालय के घेराव को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए। कार्यकर्ता जी.आई.सी. चौराहा–कोतवाली मार्ग से होते हुए लालबाग चौराहे तक कूच करते हुए आगे बढ़े। इस दौरान पुलिस बल ने रस्सी बांधकर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा, हालांकि स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. ममता वर्मा ने कहा कि पिछले एक दशक से केंद्र की सत्तारूढ़ मोदी सरकार कांग्रेस पार्टी और उसके नेतृत्व के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से गैरकानूनी कार्रवाइयां कर रही है। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई दुर्भावना से प्रेरित थी, जिसे माननीय न्यायालय ने अवैध ठहराया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि मामले में न तो मनी लॉन्ड्रिंग है, न अपराध की कोई आय और न ही संपत्ति का कोई हस्तांतरण हुआ है। न्यायालय के इस फैसले से सरकार की मंशा देश के सामने उजागर हो गई है।शहर अध्यक्ष शिशिर बाजपेई ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसका नेतृत्व सत्य और हर भारतीय के अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सत्य की लड़ाई में कांग्रेस को डराया नहीं जा सकता। संगठन प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने कहा कि आज असत्य पर सत्य की जीत का दिन है। कांग्रेस कार्यकर्ता गांधीवादी और अंबेडकरवादी विचारधारा में विश्वास रखते हैं और अन्याय के खिलाफ डटकर खड़े रहते हैं।

प्रदेश महासचिव किसान कांग्रेस राजेश सिंह तोमर ने भाजपा सरकार को जनविरोधी, लोकतंत्र विरोधी और संविधान विरोधी बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी आगे भी एकजुट होकर सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।
कार्यक्रम में विनीत दीक्षित, रमेश निषाद, उत्कर्ष अवस्थी, कमला रावत, जितेंद्र शुक्ला, नरेंद्र वर्मा, प्रदीप सिंह चौहान, धीरेश कश्यप, संजय सनी, शीर्ष चंद शुक्ला, सीताराम भार्गव, अतुल भार्गव, रजनीश मिश्रा, अमर मेहरोत्रा, ओमकार नाथ मिश्रा, हसीना खातून, दीपा वैश्य, हसीना अंसारी, राजकुमारी, चंद्रकली, संतोष भार्गव, शबनम, सूरज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button