निष्पक्ष पत्रकारिता ही लोकतंत्र की असली ताकत — राज्यमंत्री सुरेश राही

पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति (पंजीकृत) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार राज्यमंत्री मा. सुरेश राही रहे मुख्य अतिथि

(पंच पथ न्यूज़)
हरगांव (सीतापुर)। विकास खंड हरगांव के सभागार में हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर पत्रकार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। सभागार को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और बड़ी संख्या में पत्रकारों की उपस्थिति से कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के स्वागत एवं माल्यार्पण के साथ हुआ, जहां पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति (पंजीकृत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिनोद वर्मा ने राज्यमंत्री का अभिनंदन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने कहा कि पत्रकार समाज की रीढ़ और दर्पण होता है तथा उसकी निष्पक्ष लेखनी ही समाज और सरकार को सही दिशा प्रदान करती है। उन्होंने पत्रकारों से बिना भेदभाव के निष्पक्ष एवं सत्य समाचार लिखने की अपील की और इसे सशक्त लोकतंत्र के लिए आवश्यक बताया। इस दौरान राज्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके कार्यों की सराहना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट से सभागार गूंजता रहा।

इस अवसर पर प्रमुख प्रतिनिधि कमलेश वर्मा, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी प्रताप तिवारी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. आर. के. यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष राशिद खान चांद, आशिफ खान, जिला अध्यक्ष सीतापुर अचल गुप्ता, लखनऊ मंडल मीडिया प्रभारी असद जुनैद, मंडल अध्यक्ष जावेद खान, मंडल उपाध्यक्ष दानिश कुरेशी, जिला सचिव ललित पांडेय, संजय भारती, प्रदेश सचिव महिला विंग संगीता शर्मा, अजमुद्दीन सिद्दीकी, मुमताज गाजी, रवि शुक्ला, रमन सिंह तोमर, शोभित सिंह, अवधेश जायसवाल सहित भारी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित रहे।

हिंदी पत्रकारिता दिवस हर वर्ष 30 मई को मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1826 में ‘उदंत मार्तंड’ नामक पहले हिंदी समाचार पत्र का प्रकाशन पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा कलकत्ता से शुरू किया गया था, जिसने हिंदी पत्रकारिता की नींव रखी। पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है, जो समाज को जागरूक करने और सरकार व जनता के बीच सेतु का कार्य करता है।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त किया गया तथा निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

Related Articles

Back to top button